नोएडा में कंपनी मालिक ने डकारा करोड़ों का वेतन, 2 कर्मचारियों ने की आत्महत्या

Noida: उत्तर प्रदेश के नोएडा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। दरअसल नोएडा की तीन कर्मचारियों ने कंपनी मालिक पर कर्मचारियों का करोड़ों रूपये का वेतन, भत्ता व बोनस डकारने का आरोप लगाया है। आरोप है कि इसी के चलते दो कर्मचारियों ने क्षुब्ध होकर आत्महत्या भी कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना फेस-वन के प्रभारी निरीक्षक धु्रव भूषण दुबे ने बताया कि हरी लाल ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह थाना फेस- वन क्षेत्र में स्थित एक कंपनी में काम करते थे। कंपनी के मालिक पवन कुमार अग्रवाल ने धोखाधड़ी करके कंपनी बंद कर दी। कंपनी के कर्मचारियों के वेतन ,भत्ता, बोनस, फंड आदि हड़प लिया। यह रकम करीब 3 करोड़ 50 लाख रुपए है। उन्होंने बताया कि पवन कुमार के उत्पीडऩ से दो कर्मचारी नरेश पाचांल और महेंद्र पाल सिंह ने आत्महत्या कर ली थी।
श्री दुबे ने बताया कि इसी मामले में बामिया बिरूआ ने भी पवन कुमार अग्रवाल को नामित करते हुए मुकदमा दर्ज करवाया है। आरोप है कि उसके उत्पीडऩ के चलते कुछ कर्मचारियों ने आत्महत्या कर लिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि इसी मामले में एक अन्य कर्मचारी ज्ञानचंद ने पवन कुमार अग्रवाल को नामित करते हुए मुकदमा दर्ज करवाया है। पीडि़त व्यक्ति ने भी अन्य लोगों की तरफ पवन कुमार अग्रवाल पर धोखाधड़ी कर, करोड़ों रुपया हड़पने और उनके उत्पीडऩ से कर्मचारियों द्वारा आत्महत्या करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करवाया है।