पत्नी को जहर खाता देख पति बोला ‘साथ जिएंगे, साथ मरेंगे'

Noida: नोएडा के थाना फेस-1 क्षेत्र के हरौला गांव में रहने वाले एक पति-पत्नी के बीच खाने में नमक ज्यादा डालने को लेकर विवाद हो गया। पति ने इस बात को लेकर पत्नी को कुछ कह दिया। पत्नी ने आक्रोशित होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। इसी बीच पति ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया। दोनों को उपचार के लिए नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
नोएडा के थाना फेस-1 से मिली जानकारी के मुताबिक किशन कुमार पुत्र गंगा साहू (28 वर्ष) अपनी पत्नी दीपिका (25 वर्ष) के साथ हरौला गांव में किराए पर रहते हैं। पुलिस के अनुसार दीपिका ने आज सुबह खाना बनाया। खाने में नमक ज्यादा था, इस बात को लेकर किशन कुमार से उसकी कहासुनी हो गई। दोनों के बीच झगड़ा हुआ। दीपिका ने आक्रोश में आकर कोई जहरीला पदार्थ खा लिया।
दीपिका को जहरीला पदार्थ खाता देख उसके पति किशन कुमार ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया। उसने कहा कि दोनों साथ जियेंगे और मरेंगे। इसी बीच आसपास के लोग मौके पर आ गए। मुकेश कुमार नामक व्यक्ति ने उन्हे उपचार के लिए नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया है। दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है। उन्हें उपचार के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में रेफर किया गया है।