नोएडा में एलिवेटेड रोड पर बड़ा हादसा, कार की टक्कर से बाइक सवार नीचे गिरा, एक की मौत, दूसरा घायल

Noida: उत्तर प्रदेश में नोएडा के एलिवेटेड रोड पर एक बड़ा दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एलिवेटेड रोड पर बाइक सवार युवकों को कार ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक एलिवेटेड रोड से नीचे गिर गया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। नीचे गिरे युवक का नाम पॉल है। वह मिजोरम का रहने वाला है, उसके साथी का नाम पाओ बेग थांग है। हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि नीचे गिरे युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। थाना सेक्टर-24 पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली सेक्टर-24 क्षेत्र के एलिवेटेड रोड पर मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे के करीब एक वाहन ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। सेक्टर-53 के सामने तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक पर सवार एक युवक उछल कर नीचे जा गिरा। इस हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहीं एलिवेटेड रोड से नीचे गिरे युवक की हालत गंभीर होने पर उसे दिल्ली रेफर किया गया है। जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
थना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मूल रूप से मिजोरम निवासी पॉल (25) और पाओ बेग थांग सेक्टर-70 में रहते हैं। मंगलवार रात दोनों बाइक से उत्तम नगर दिल्ली जा रहे थे। सेक्टर-53 के पास उनकी बाइक की गति धीमी हुई तभी पीछे से आ रहे किसी चार पहिया वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। बाइक के पीछे बैठे पॉल उछलकर एलिवेटेड रोड से नीचे गिर गए और पाओ बेग एलिवेटेड रोड पर गिरकर घायल हो गए। इस घटना में एक की मौत हो गई है। दूसरे घायल युवक का इलाज चल रहा है। टक्कर मारने वाले वाहन के बारे में पता लगाया जा रहा है। इसके लिए सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखे जा रहे हैं।
पुलिस की प्राथमिक जांच में पता चला कि दोनों दोस्त बाइक से सेक्टर-70 से उत्तम नगर, दिल्ली जा रहे थे। तभी मोटरसाइकिल पर मैप लगाते समय पीछे से किसी अज्ञात चार पहिया वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी, जिससे दोनों व्यक्ति घायल हो गए। दोनों व्यक्तियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक की देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई।
परिजनों को अवगत करा दिया गया है। अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की जांच में यह जानकारी सामने आ रही है कि जिस वाहन ने बाइक में टक्कर मारी, उसकी स्पीड बहुत अधिक थी। सर्दी के मौसम में एलिवेटेड रोड के लिए वाहनों की रफ्तार कम की गई है।