युवा शक्ति संगठन ने सुनील शर्मा को सौंपी यूपी की कमान

युवा शक्ति संगठन ने सुनील शर्मा को सौंपी यूपी की कमान

सुनील शर्मा बने YSS उत्तर प्रदेश अध्यक्ष, युवाओं को शिक्षा व उद्यमिता से जोड़ने का लिया संकल्प

ग्रेटर नोएडा, 25 जून 2025

युवाओं को शैक्षिक, सामाजिक और राजनीतिक दिशा देने के उद्देश्य से कार्य कर रहे युवा शक्ति संगठन (Yuva Shakti Sangathan - YSS) ने उत्तर प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष के रूप में सुनील शर्मा को नियुक्त किया है। ग्रेटर नोएडा में आयोजित एक विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान YSS की राष्ट्रीय टीम ने उन्हें औपचारिक रूप से नियुक्ति पत्र सौंपा।

कार्यक्रम में YSS के राष्ट्रीय संयोजक योगेश त्यागी ने सुनील शर्मा को सम्मान स्वरूप पटका पहनाया और उनके नेतृत्व में संगठन को और अधिक ऊर्जावान और जनसरोकारों से जुड़ा होने की उम्मीद जताई। इस अवसर पर राष्ट्रीय संगठन महामंत्री पुष्पेन्द्र तिवारी ने संगठन के उद्देश्यों और विस्तार योजनाओं की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि YSS युवाओं को शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और उद्यमिता के क्षेत्र में प्रोत्साहन देने हेतु सतत प्रयासरत है। संगठन जल्द ही गौतमबुद्धनगर में निशुल्क लाइब्रेरी की स्थापना करेगा। साथ ही, वन नेशन वन एजुकेशन की मांग को लेकर संगठन लगातार आवाज बुलंद कर रहा है।

राष्ट्रीय प्रधान महासचिव संजीव शर्मा ने जानकारी दी कि YSS से हजारों की संख्या में युवा जुड़ चुके हैं और यह संख्या निरंतर बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि संगठन युवाओं को एक ऐसा मंच देना चाहता है जहां वे अपनी शैक्षिक, सामाजिक और राजनीतिक प्रतिभा को निखार सकें।

नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सुनील शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि वह YSS की जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाएंगे और उत्तर प्रदेश में युवाओं को जोड़ने व सशक्त करने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।

इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ईशान सिंह, कोषाध्यक्ष यश शर्मा, महिपाल सिंह और पी.एस. मुखर्जी भी उपस्थित रहे।